मध्य प्रदेश। किसानों के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) योजना की 22वीं किस्त जल्द ही मध्य प्रदेश के किसानों के खाते में जारी होने की संभावना है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को सालाना अलग-अलग किस्तों में कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
महीने के आखिरी सप्ताह में यह किस्त किसानों के बैंक खाते में जमा की जा सकती है। इसके लिए किसानों के पास फार्मर ID होना अनिवार्य है। फार्मर ID एक यूनिक डिजिटल नंबर है, जो केंद्र सरकार के एग्री स्टैक प्रोजेक्ट के तहत आधार कार्ड से लिंक होता है। यह डिजिटल पहचान किसानों को योजनाओं का सीधे लाभ दिलाने और फर्जीवाड़े से बचाने में मदद करती है।
फार्मर ID में किसान की जमीन, परिवार और बैंक खाते की पूरी जानकारी एक साथ दर्ज रहती है। किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या ग्राम पंचायत में लगने वाले कैंप में जाकर इस कार्ड को बनवा सकते हैं।
सरकार की योजना का उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें समय पर सहायता पहुंचाना है। इस वित्तीय मदद से किसान खेती-बाड़ी, बीज, खाद और अन्य कृषि गतिविधियों में निवेश कर सकते हैं।
PM किसान योजना के तहत डिजिटल पहचान के जरिए मदद पाने वाले किसानों को अब हर किस्त सीधे उनके बैंक खाते में मिलने लगी है। इस तरह किसानों को पैसे मिलने में पारदर्शिता बनी रहती है और लाभ सीधे सही हाथों में पहुंचता है।




