रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शेयर मार्केट निवेश के लालच में एक सरकारी कर्मचारी के साथ 15 लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पंडरी थाना क्षेत्र के इस धोखाधड़ी मामले में आरोपी कुलदीप भतपहरी ने खुद को निवेश सलाहकार बताकर पीड़ित को झांसा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- नवनिर्वाचित रायपुर प्रेस क्लब टीम से मिले मुख्यमंत्री साय
ठगी का पूरा खेल
पीड़ित अमित दास (सरकारी कर्मचारी) ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021-22 में देवपुरी निवासी कुलदीप भतपहरी से उनकी पहचान हुई। कुलदीप खुद को अनुभवी निवेश सलाहकार बताता था और शेयर बाजार में निवेश करने पर भारी मुनाफा देने के साथ-साथ ब्याज का भी वादा करता था। इसके लालच में अमित दास और उनके भाई रोहित दास ने कुल 15.60 लाख रुपये की राशि 7 अलग-अलग किश्तों में आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर की।
शुरुआत में आरोपी ने कुछ समय तक छोटा-मोटा मुनाफा दिखाकर विश्वास बनाए रखा, लेकिन 2024 से अचानक मोबाइल बंद कर फरार हो गया। जब पैसे वापस मांगने की कोशिश की गई तो कोई संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पीड़ित ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी ने कई लोगों को ठगा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुलदीप भतपहरी ने रायपुर जिले के 30-40 से ज्यादा लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की है। वह निवेश के नाम पर लोगों से किश्तों में पैसे लेता था और बाद में गायब हो जाता था।



