रायगढ़। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील पोस्ट कर दहशत फैलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया और धरमजयगढ़ पुलिस ने संबंधित युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक वैधानिक कार्रवाई की।
दरअसल पुलिस को जानकारी मिली थी, कि इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर गन के साथ रील बनाकर पोस्ट की है। वीडियो में युवक खुले आम मुख्य मार्ग पर हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था। जिससे आमजन में भय का माहौल बनने की आशंका जताई गई। इस मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस की जांच में शेख अकरम परवेज के मकान, बेहरापारा वार्ड क्रमांक 09, धरमजयगढ़ में निवासरत पाया गया। वीडियो धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था।
टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में खरसिया-धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में दीदार अली ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई गन छर्रा वाली एयर गन है, जिसके लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती है। हालांकि पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर उसे खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित कर सोशल मीडिया पर शेयर करना कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अनुचित माना।
धरमजयगढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर हथियार का प्रदर्शन कर दहशत का वातावरण निर्मित करने के आरोप में दीदार अली के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।



