Astronaut Shubhanshu Shukla Raipur : दौरे पर मंगलवार को पहुंचे। एक्सिओम-4 (Axiom-4) मिशन में पायलट की भूमिका निभाने वाले और अशोक चक्र से सम्मानित अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला पहली बार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आए। इस दौरान उन्होंने नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में आयोजित ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा कि मिशन के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है और यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि आज जिस अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया गया है, वह बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि जगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल न केवल छात्रों के लिए लाभदायक होगी, बल्कि भविष्य में देश के वैज्ञानिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगी।
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने मध्य भारत में स्पेस एजुकेशन की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में अंतरिक्ष शिक्षा की काफी कमी है। बच्चों को अगर सही समय पर सही जानकारी मिले, तो वे अपने करियर को बेहतर ढंग से चुन सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को यह समझना जरूरी है कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए कौन-सी पढ़ाई करनी चाहिए और किस दिशा में मेहनत करनी होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिज्ञासा, मेहनत और निरंतर सीखने की आदत ही सफलता की कुंजी है। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ जैसे कार्यक्रम बच्चों को सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे, जिन्होंने अंतरिक्ष यात्री से सीधे संवाद कर प्रेरणादायी अनुभव प्राप्त किया।



