बिलासपुर। जिले के उसलापुर गोकुलधाम क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। एक घर की अंडरग्राउंड बोरिंग हाई प्रेशर के कारण अचानक फट गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मकान के पास स्थित पड़ोसी प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अत्यधिक दबाव बनने से पहले से मौजूद अंडरग्राउंड बोरिंग फट गई। तेज प्रेशर के कारण जमीन के भीतर जोरदार धमाका हुआ। जिसके बाद पानी के साथ मिट्टी बाहर निकलने लगी। घटना का पूरा दृश्य घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में बोरिंग फटने का भयावह मंजर साफ नजर आ रहा है। इस घटना के समय मकान मालिक मौके पर ही मौजूद था। हालांकि वह इस घटना से बाल-बाल बच गया।


