भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का चौथा मुकाबला विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को खेला गया। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से हराया। लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है।
न्यूजीलैंड टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 216 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में टीम इंडिया 18.4 ओवर में 165 रन पर ही सिमट गई।
शिवम दुबे की तूफानी पारी
भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 9 रन के स्कोर तक अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना मैट हेनरी की पहली ही गेंद पर आउट हुए, जबकि सूर्यकुमार यादव को जैकब डफी ने कैच एंड बोल्ड किया। इसके बाद संजू सैमसन ने 24 रन बनाए । लेकिन उनकी खराब फॉर्म जारी रही। हार्दिक पांड्या भी सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। रिंकू सिंह ने संघर्ष करते हुए 39 रन बनाए, लेकिन वह पारी को बड़ा स्कोर नहीं दे सके।
टीम इंडिया के विकेट गिरते रहे लेकिन एक छोर से शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में 65 रन ठोके। इस दौरान उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके लगाए, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिलने के कारण उनकी यह पारी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी।
सीरीज पहले ही भारत के नाम
भारतीय टीम ने सीरीज के पहले तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी। नागपुर में पहला मैच भारत ने 48 रन से, रायपुर में 7 विकेट से और गुवाहाटी में 8 विकेट से जीता दर्ज की है।
अब सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला खेला जाना है, जहां भारत की नजरें सीरीज को जीत के साथ समाप्त करने पर होंगी।



