सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और जगदलपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोनों न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड पहुंच गए हैं। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है, कि इससे पहले भी बिलासपुर और राजनांदगांव के जिला न्यायालयों को इसी तरह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। ऐसे में पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर एंगल से भी जांच कर रही है और मेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश की जा रही है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।



