रायपुर/नई दिल्ली। अगर आप आज बैंक से कोई जरूरी काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हफ्ते में 5-दिन कार्य सप्ताह (फाइव-डे वर्किंग वीक) की पुरानी मांग को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी 2026 को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल के कारण अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पब्लिक सेक्टर बैंक) की शाखाएं बंद रहेंगी। इससे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में काफी व्यवधान हो सकता है। खासकर रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ और देशभर में यह प्रभाव दिखेगा।
किन बैंकों पर असर पड़ेगा?
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI)
पंजाब नेशनल बैंक (PNB)
बैंक ऑफ बड़ौदा
इंडियन ओवरसीज बैंक
कैनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक आदि अन्य सरकारी बैंक
ये सभी बैंक प्रभावित होंगे, जहां नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट और अन्य काउंटर सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
किन बैंकों पर कोई असर नहीं?
निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक इस हड़ताल से प्रभावित नहीं होंगे, क्योंकि उनके कर्मचारी UFBU का हिस्सा नहीं हैं। इनमें शामिल हैं: HDFC बैंक,ICICI बैंक,Axis बैंक,Kotak Mahindra बैंक,IndusInd बैंक,Yes बैंक,IDFC First बैंक,Bandhan बैंक ये बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।
हड़ताल की वजह?
UFBU (जिसमें 9 प्रमुख बैंक यूनियंस शामिल हैं) ने लंबे समय से 5-दिन कार्य सप्ताह की मांग की है। मार्च 2024 के वेतन संशोधन समझौते में भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ इस पर सहमति बनी थी, जिसमें कर्मचारियों ने सोमवार से शुक्रवार तक अतिरिक्त 40 मिनट काम करने पर राजी होकर सभी शनिवारों को छुट्टी की मांग रखी थी। लेकिन सरकार की ओर से अभी तक इस पर अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।
पिछले दिनों की स्थिति
24 जनवरी: चौथा शनिवार (बैंक बंद)
25 जनवरी: रविवार (बैंक बंद)
26 जनवरी: गणतंत्र दिवस (राष्ट्रीय अवकाश, बैंक बंद) अब आज हड़ताल के कारण लगातार चौथे दिन अधिकांश सरकारी बैंकों में कामकाज ठप रहेगा।



