सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसईसीएल आमगांव खदान से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे कर्मचारियों की बस को रास्ते में रोककर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
यह भी पढ़े :- दहेज विवाद में पति ने पत्नी को जहर पिलाकर की हत्या…आरोपी गिरफ्तार, अन्य सदस्यों की भी जांच
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार कर्मचारियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले बस चालक के साथ तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू की। इसके बाद वे बस के अंदर घुसे और एक एसईसीएल कर्मचारी पर बेरहमी से हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया। अचानक हुए इस हमले से बस में सवार अन्य कर्मचारी भी सहम गए और किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की।
घटना का पूरा वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बदमाशों द्वारा बस चालक को धमकाते और कर्मचारी पर लाठियों-हाथापाई से हमला करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के सहारे जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसईसीएल प्रबंधन ने भी मामले पर चिंता जताई है और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गुंडागर्दी पर लगाम कसना जरूरी है, ताकि कर्मचारी बेफिक्र होकर ड्यूटी पर जा सकें।



