कोरबा। जिले के कटघोरा थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर पर महिला के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार का गंभीर आरोप लगने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी सब-इंस्पेक्टर एस.के. कोसरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े :- सोना खरीदने वालों की हुई चांदी! 20 जनवरी को औंधे मुंह गिरे दाम, देखें 10 ग्राम सोने का आज का ताजा भाव
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने कटघोरा थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर एस.के. कोसरिया पर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और अश्लील व्यवहार किया। शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तुरंत प्राथमिक जांच शुरू कराई।
प्राथमिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया। प्रकरण की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सब-इंस्पेक्टर एस.के. कोसरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े किए हैं, जबकि महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



