कोरबा। जिले के मड़वारानी पहाड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पहाड़ी चढ़ाई के दौरान चलती ऑटो में अचानक आग लग गई। डीजल पाइप फटने से लगी आग ने कुछ ही पलों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। यह मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- साय कैबिनेट की अहम बैठक कल, रायपुर पुलिस कमिश्नरी सिस्टम पर लग सकती है अंतिम मुहर
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक अपने परिवार और अन्य यात्रियों को लेकर मड़वारानी पहाड़ की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो पहाड़ी चढ़ाई पर पहुंची, अचानक डीजल पाइप फट गया और वाहन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते ऑटो से धुआं और लपटें निकलने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक समेत सभी यात्रियों ने चलती ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि ऑटो में आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। उन्होंने पुष्टि की कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।



