बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संचालित एक वेलनेस स्पा के संचालक ने पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल पर डराने-धमकाने और पैसे की मांग करने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस महानिरीक्षक (IG) संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपी है।
यह भी पढ़े :- 29 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) के साथ आरोपी गिरफ्तार
शिकायतकर्ता के अनुसार, पूर्व एडिशनल एसपी द्वारा कथित रूप से लगातार फोन कॉल के जरिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि उनसे पैसों की मांग की गई और उन्हें धमकाया गया। स्पा संचालक ने अपनी शिकायत के साथ व्हाट्सऐप कॉलिंग के स्क्रीनशॉट तथा एक वीडियो भी सौंपा है।
शिकायत में दावा किया गया है कि रिकॉर्ड की गई बातचीत में पैसों की मांग और धमकी से जुड़ी बातें सामने आती हैं। बताया जा रहा है कि उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
लगातार मानसिक दबाव से परेशान होकर स्पा संचालक ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया। फिलहाल यह मामला पुलिस महानिरीक्षक के संज्ञान में है और आगे की कार्रवाई जांच के बाद तय होने की बात कही जा रही है।
इस पूरे मामले में जब पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।



