Chhattisgarh Murder : बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात बिना सिर के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसकी साजिश मृतक की पत्नी ने ही रची थी। पुलिस ने पत्नी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- राज्यपाल डेका ने अमिताभ जैन को मुख्य सूचना आयुक्त एवं अग्रवाल और मिश्रा को राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई
यह घटना 11 जनवरी 2026 की सुबह सामने आई थी, जब हथबंद क्षेत्र के मजगांव रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का बिना सिर का धड़ मिला था। सिर गायब होने के कारण शव की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस को मृतक के हाथ पर गुदे नाम “G.K. Joshi” से अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर शव की पहचान गैस कुमार जोशी के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मामले की गहन जांच की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी कुसुम के साथ लंबे समय से मारपीट और अमानवीय व्यवहार करता था। पत्नी ने आरोप लगाया कि पति द्वारा उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए जाते थे और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाता था।
इसी प्रताड़ना से तंग आकर कुसुम ने अपने मामा राजेश भारती के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत ₹40 हजार की सुपारी देकर दारासिंह और करन अनंत नामक दो आरोपियों को हत्या के लिए तैयार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात की रात मृतक को पार्टी के बहाने ससुराल बुलाया गया और शराब पिलाकर नशे की हालत में किया गया। इसके बाद उसे कार से मजगांव रेलवे ट्रैक के पास ले जाया गया, जहां धारदार तलवार से उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, जबकि सिर को ग्राम डिग्गी में जमीन के भीतर दफन कर दिया गया।
हथबंद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने करीब 100 जवानों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाकर सिर बरामद किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तलवार, वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। (Chhattisgarh Murder)
टीम को 5000 रुपये का इनाम
इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी द्वारा ₹5000 का नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना पूरी कर जल्द चालान पेश किया जाएगा। (Chhattisgarh Murder)



