रायपुर। गोलबाजार थाना पुलिस ने भयादोहन, मारपीट और अवैध वसूली के मामलों में सक्रिय आदतन बदमाश अयान खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने और थाना गोलबाजार की गुंडा बदमाश सूची में नाम दर्ज करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।
यह भी पढ़े :- मोदी सरकार गरीबों का हक छीन रही है, मनरेगा खत्म करने की साजिश बेनकाब – दीपक बैज
पुलिस के अनुसार अयान खान एक सक्रिय और आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। थाना गोलबाजार में आरोपी के खिलाफ कुल पांच प्रकरण पंजीबद्ध हैं, जिनमें एक चोरी का मामला, एक देशी कट्टा लेकर आम लोगों में दहशत फैलाने का मामला तथा मारपीट और अवैध वसूली के तीन प्रकरण शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली में मारपीट का एक प्रकरण, थाना पुरानी बस्ती में आर्म्स एक्ट का एक मामला और थाना गंज में लूट का एक गंभीर प्रकरण भी दर्ज है।
लगातार अपराधों में संलिप्तता, सार्वजनिक स्थानों—विशेषकर शराब दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों—में भय का माहौल बनाने तथा आम नागरिकों से जबरन वसूली और धमकी देने की प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
जानकारी के अनुसार 3 दिसंबर 2025 को शास्त्री मार्केट स्थित शराब दुकान के सामने आरोपी ने एक व्यक्ति से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना गोलबाजार में धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान 18 जनवरी 2026 को आरोपी अयान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
अयान खान, पिता अब्दुल करीम उर्फ राजू सीडी, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना चिरघर के पास, नया मटन मार्केट के पास, शास्त्री मार्केट, थाना गोलबाजार, रायपुर (छत्तीसगढ़)।



