रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक रेडक्रॉस सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, पेयजल संकट, अधूरे निर्माण कार्य, VB GRAM G, प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण कौशल योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला-बाल विकास जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
यह भी पढ़े :- मासूम से दुष्कर्म के आरोपी के घर पर चलेगा बुलडोजर, रायपुर निगम का बड़ा एक्शन
सांसद अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास केवल कागज़ों में न रहकर अंतिम व्यक्ति तक महसूस होना चाहिए। उन्होंने पेयजल संकट के समाधान, अधूरे निर्माण कार्य, सड़क और आधारभूत संरचना, पीएम आवास योजना, कौशल विकास, उज्ज्वला योजना, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में तीव्र गति से परिणाम प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण और पेयजल
सांसद ने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कुएं और जल स्रोतों को मल्टीपर्पज उपयोग में लाना, प्रत्येक स्कूल, PHC और CHC में वर्षा जल संचयन अनिवार्य करना, और अप्रैल तक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता हो। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत 2028 तक जिले के प्रत्येक घर में नल से जल पहुँचाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण और आधारभूत ढांचा
सांसद ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा से कोई समझौता नहीं होगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लंबित सड़क कार्य तुरंत शुरू करने और नई RCC सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रायपुर को स्वीकृत सड़क योजनाओं की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने बेहतर समन्वय से कार्य पूरा करने को कहा।
VB GRAM G और ग्रामीण विकास
VB GRAM G योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास के सभी जरूरी कार्य करने पर बल दिया गया। सांसद ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाया जाए और गांवों के समग्र विकास को गति दी जाए।
प्रधानमंत्री आवास और उज्ज्वला योजना
सांसद ने कहा कि आबादी भूमि घोषित कर पट्टा और स्वामित्व कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तेज करनी होगी, ताकि ग्रामीणों को पीएम आवास योजना समेत अन्य योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उज्ज्वला योजना के तहत दो लाख से अधिक लाभार्थियों को गैस कनेक्शन मिल चुके हैं, और उज्ज्वला 3 के तहत नए कनेक्शन स्वीकृत किए जा रहे हैं।
कौशल विकास और युवा सशक्तिकरण
सांसद ने कौशल विकास और खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह जिले के समग्र विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल का सक्रिय और परिणामोन्मुख नेतृत्व जिले में विकास की नई ऊँचाइयों को हासिल करने की गारंटी है।
बैठक में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कलेक्टर गौरव सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



