बिलासपुर। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) के तात्या भील हॉस्टल में रविवार रात एक मामूली ‘आलू गुंडा’ ने ऐसा बवाल खड़ा किया कि पूरा कैंपस रणक्षेत्र में बदल गया। नाश्ते को लेकर हुए विवाद में एक रसोइया बेकाबू हो गया और किचन का चाकू लेकर छात्र को मारने के इरादे से पूरे हॉस्टल कॉरिडोर में दौड़ पड़ा।
यह भी पढ़े :- पंचांग : मंगलवार और बृहस्पति का दुर्लभ संयोग! जानें आज किस समय पूजा करने से टल जाएगा राहुकाल का साया
चाकू हाथ में, छात्र जान बचाकर भागा
बीटेक थर्ड ईयर का छात्र हर्ष अग्रवाल जैसे ही नाश्ता लेने कैंटीन पहुंचा, वहां मौजूद कर्मचारी दीपक केवट (21) और दीपेंद्र केवट (19) से उसकी कहासुनी हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, पल भर में बात गाली-गलौज से हिंसा तक पहुंच गई। अचानक दीपक केवट उग्र हो गया, प्लेटफॉर्म से छलांग लगाई और चाकू लेकर हर्ष के पीछे दौड़ पड़ा।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
पूरा घटनाक्रम कैंपस के CCTV कैमरों में कैद हो गया है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथ में चाकू लिए रसोइया छात्र को दौड़ाता हुआ गैलरी में भाग रहा है, जबकि आसपास मौजूद छात्र डर के मारे इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।
पुलिस आई तो भी नहीं थमा गुस्सा
हंगामे की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस वाहन में बैठाते समय भी आरोपियों ने छात्रों को खुलेआम धमकी दी — “बाहर मिलेंगे, देख लेंगे”। इस पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
कैंटीन ठेकेदार पर गंभीर आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल कैंटीन चलाने वाली ‘सनशाइन’ फर्म के कर्मचारी पहले भी छात्रों से बदसलूकी कर चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, कैंपस में पुलिस तैनात
पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल हॉस्टल और कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।



