सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पर्यटन स्थल कुमेली स्थित वन विभाग के विश्राम गृह में अर्धनग्न युवतियों के अश्लील डांस और खुलेआम शराबखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी परिसरों की सुरक्षा, निगरानी और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े :- SDM को कलेक्टर ने नापा, किसने ओपेरा में बनाया था, बिकनी में कैबरे का विडियो…?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि फॉरेस्ट गेस्ट हाउस के भीतर कई लोग फर्श पर बैठे हैं, जबकि उनके सामने युवतियां आपत्तिजनक गानों पर नृत्य कर रही हैं। वीडियो में शराब की बोतलें और नशे में धुत लोगों की तस्वीरें साफ नजर आ रही हैं। आरोप है कि यह महफिल रात भर चलती रही और इसमें अश्लील डांस के साथ जुआ भी खेला गया।

क्षेत्रवासियों के अनुसार, कुमेली फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में पिछले तीन-चार सालों से ऐसी अय्याशी की महफिलें नियमित रूप से सजती रही हैं। दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं और पूरी रात ऐसे आयोजन चलते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बुकिंग, चाबी की जिम्मेदारी और एंट्री-एग्जिट का कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जाता। कई बार बिना विभागीय अनुमति के बाहरी लोगों को गेस्ट हाउस में ठहरने दिया जाता है।

यह मामला गरियाबंद जिले में एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी में बार बालाओं के अर्धनग्न अश्लील डांस के वायरल होने के महज कुछ दिनों बाद सामने आया है। उस घटना ने पूरे प्रदेश में हंगामा मचा दिया था। अब सूरजपुर का यह नया वीडियो प्रशासनिक व्यवस्था और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर और गहरा सवाल उठा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी विश्राम गृह आखिर किसके संरक्षण में ऐसे अवैध मनोरंजन के केंद्र बन गए हैं? क्या वन विभाग के अधिकारी इसकी जानकारी रखते हैं? क्या बुकिंग सिस्टम में मिलीभगत हो रही है? क्या गेस्ट हाउस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है?

फिलहाल वन विभाग और सूरजपुर पुलिस की ओर से इस वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसे आयोजनों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। इस खबर की वीडियो या फ़ोटो की पुष्टि RNN न्यूज़ नहीं करता।



